दुर्ग यातायात पुलिस का कड़ा रुख: नशे में पाए गए स्कूल बस चालकों पर सख्त कार्रवाई

दुर्ग | बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने “ऑपरेशन सुरक्षा” के तहत जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों की जांच के साथ ही स्कूल बसों की सघन जांच भी की गई।
जांच के दौरान बोगदा पुलिया, जामुल के पास नागसेन स्कूल बस (क्रमांक CG 07 E 1427) को रोका गया, जिसमें लगभग 15 बच्चे यात्रा कर रहे थे। वाहन चालक मणिक दास पिता बिसौहा (39 वर्ष) की ब्रीथ एनालाइज़र जांच में 102 mg अल्कोहल सेवन पाया गया। इसके चलते चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 व 130(1)/177 के तहत मामला दर्ज कर बस को जब्त कर न्यायालय भेजा गया।

इसी प्रकार, सुबह 6:28 बजे स्कूल बस क्रमांक CG 07 CR 8511 को रोका गया। बस चालक दिनेश कुमार ठाकुर पिता बहादुर सिंह द्वारा 84 mg शराब सेवन पाए जाने पर एम.वी. एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई और वाहन को जब्त कर न्यायालय भेजा गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बनाना है और किसी भी नशे में वाहन चलाने वाले चालक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की अपील:
यातायात पुलिस दुर्ग ने सभी स्कूल संचालकों, अभिभावकों और नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहन चालकों की नियमित जांच की जाए। यदि कोई चालक शराब पीकर या लापरवाही से वाहन चलाते पाया जाए, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। बच्चों की सुरक्षा हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।














