पुलिस महानिरीक्षक के मुख्य आतिथ्य में जिला शिक्षण समिति का संयुक्त वार्षिक स्नेह सम्मेलन संपन्न

दुर्ग। जिला शिक्षण समिति दुर्ग द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं का संयुक्त वार्षिक स्नेह सम्मेलन गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज राम गोपाल गर्ग रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षण समिति के अध्यक्ष प्रवीण चंद्र तिवारी ने की, जबकि रियर एडमिरल अतुल चंद्र तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि गर्ग ने अपने संबोधन में ट्रैफिक नियमों के पालन, ड्रग्स के दुष्प्रभाव और साइबर अपराध से बचाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से हेलमेट के अनिवार्य उपयोग और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और मित्रवत व्यवहार करने का आग्रह किया, जिससे बच्चे अपनी समस्याएं खुलकर साझा कर सकें।

साइबर अपराध को लेकर उन्होंने युवाओं को सतर्क करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी साझा करने से बचें तथा अनजान वीडियो कॉल और लिंक से दूरी बनाए रखें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रवीण चंद्र तिवारी ने जिला शिक्षण समिति द्वारा संचालित संस्थानों की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि प्रतिभा विकास और नागरिक निर्माण का सशक्त मंच भी हैं। विशिष्ट अतिथि रियर एडमिरल अतुल चंद्र तिवारी ने विद्यार्थियों से जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति पुरस्कार के रूप में रजत पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग आधारित नृत्य, कथक, छत्तीसगढ़ी, पंजाबी और उड़िया नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।
अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षण समिति के सचिव दिलीप इंगले, सदस्यगण, प्राचार्यगण, प्रबंध समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दुर्गा शुक्ला और युमैनिका वर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन वीरेन्द्र शुक्ला द्वारा किया गया।













