
दुर्ग | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भापुसे), जिला दुर्ग द्वारा दिनांक 29 दिसंबर 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06, भिलाई में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर 02 अधिकारियों एवं 06 पुलिस कर्मचारियों को विभिन्न गंभीर प्रकरणों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने पर नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हत्या के प्रयास मामले में सजा दिलाने पर सम्मान
थाना नेवई के अपराध क्रमांक 162/2024 (धारा 307, 120-बी, 34 भादवि) के प्रकरण में विवेचना एवं प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई। इस उल्लेखनीय सफलता पर विवेचक उप निरीक्षक सुरेन्द्र तारम, प्रधान आरक्षक सूरज पाण्डेय, भागवत वर्मा तथा आरक्षक रवि बिसाई, ओमप्रकाश श्रीवास एवं विनय कुमार को पुरस्कृत किया गया।

नारकोटिक्स एक्ट प्रकरण में भी मिली सफलता
इसी प्रकार थाना भिलाई नगर के अपराध क्रमांक 484/2025 (धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट) के प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को सश्रम कारावास एवं अर्थदण्ड से दंडित किए जाने पर विवेचक उप निरीक्षक मन्नू लाल यादव, प्रधान आरक्षक भागवत वर्मा, रोशन भुवाल तथा आरक्षक ओमप्रकाश श्रीवास, विनय कुमार एवं राजेश चन्द्रौल को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
एसएसपी ने किया उत्साहवर्धन
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उत्कृष्ट कार्य पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाते हैं और भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए।














