CG ब्रेकिंग: शराब घोटाले में गिरफ्तार चैतन्य बघेल को हाईकोर्ट से जमानत, जेल से रिहा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। उन्हें पिछले साल जुलाई में ईडी ने गिरफ्तार किया था और तब से वे जेल में बंद थे।
गिरफ्तारी का समय और मामला
ईडी ने 18 जुलाई को चैतन्य बघेल को भिलाई स्थित बघेल निवास पर छापा मारकर उनके जन्मदिन के दिन गिरफ्तार किया था। उन पर छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप था।
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट जाने की दी सलाह
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके बेटे ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसमें CBI और ED की जांच की शक्तियों और अधिकार क्षेत्र को चुनौती दी गई थी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से इंकार करते हुए कहा कि यह मामला हाईकोर्ट में ले जाया जाए। कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि ईडी की कार्रवाई और पीएमएलए कानून की वैधता को चुनौती देनी है, तो इसके लिए अलग याचिका दायर की जा सकती है।
हाईकोर्ट की राहत
हाईकोर्ट ने अब उनकी जमानत याचिका मंजूर कर दी है, जिससे चैतन्य बघेल जेल से रिहा हो गए हैं। मामले की जांच अभी ईडी और CBI द्वारा जारी है, और कानूनी प्रक्रिया लगातार चल रही है।














