
दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में शराब पीने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनखराबे का रूप ले लिया। रावणभाठा जामुल क्षेत्र में चाचा ने लोहे के पाइप से हमला कर अपने ही भतीजे की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 2 मार्च 2026 की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि रावणभाठा जामुल निवासी हेमंत साहू की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि हेमंत साहू और उसके चाचा आशीष साहू (25 वर्ष) के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद बढ़ने पर आरोपी आशीष साहू ने लोहे के पाइप से हेमंत के सिर के पीछे कई बार प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने से हेमंत साहू मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की मां ललिता साहू की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत धारा 103 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर 3 मार्च 2026 को घटना के 10 घंटे से भी कम समय में आरोपी को जामुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की वजह शराब सेवन को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद था।
इस कार्रवाई में थाना जामुल प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, सउनि महफूज खान, सउनि बेनी सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह, आरक्षक गजेन्द्र सिंह, ललित साहू, महात्मा साहू, तोषण चन्द्राकर, फरार खान, अतुल सिंह, चंदन सिंह, नरेश यादव तथा एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील:
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवादों को शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से सुलझाएं। नशे की हालत में हुए विवाद कई बार गंभीर अपराध का रूप ले लेते हैं, इसलिए कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।














