
दुर्ग | जामुल थाना पुलिस ने झूठी शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पहचान छुपाकर दूसरे जिले में रह रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
नाम बदलकर कर रहा था छिपकर जीवन
पुलिस के अनुसार, आरोपी हेमंत अग्रवाल (41 वर्ष), मूल निवासी अम्लेश्वर, जिला दुर्ग, अपराध दर्ज होने के बाद अपने निवास स्थान से फरार हो गया था। वह बलौदाबाजार जिले के गीतपुरी क्षेत्र में नाम बदलकर लुक-छिपकर रह रहा था।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
प्रार्थिया द्वारा 19 नवंबर 2025 को थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पुत्री की जान-पहचान रायपुर निवासी हेमंत अग्रवाल से थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती को पत्नी के रूप में अपने साथ रखा और बाद में जबरन अपने साथ ले गया। युवती आरोपी के साथ नहीं रहना चाहती थी।

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 918/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 115(2), 64(2)(एम), 138, 351(3) एवं 89 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मारी दबिश
गोपनीय सूचना के आधार पर जामुल पुलिस टीम ने गीतपुरी बलौदाबाजार में दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जामुल निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक पुनितराम सूर्यवंशी, आरक्षक शौकत खान एवं ललित साहू का विशेष योगदान रहा।














