सीएम विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ में डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने पर हुई चर्चा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज संचार भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से आत्मीय भेंट की। इस दौरान राज्य में दूरसंचार सेवाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में दूरसंचार और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। राज्य के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक भी संचार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण और पिछड़े इलाकों के लोगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा सके।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार, बेहतर नेटवर्क व्यवस्था और दूरस्थ क्षेत्रों तक संचार सेवाएं पहुंचाने के प्रयासों को लेकर चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का लक्ष्य देश के प्रत्येक नागरिक को मजबूत, विश्वसनीय और आधुनिक डिजिटल कनेक्टिविटी से जोड़ना है, ताकि हर व्यक्ति विकसित भारत की यात्रा में सहभागी बन सके।
इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।













