
दुर्ग: जिले में अवैध मवेशी परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उतई पुलिस ने ग्राम पुरई में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नर्सरी के पास घेराबंदी कर भैंसों से भरे एक पिकअप वाहन को पकड़ा। मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, उतई थाना क्षेत्र में मवेशियों के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम पुरई स्थित नर्सरी के पास संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए घेराबंदी की। इसी दौरान मैक्सिमा पिकअप क्रमांक CG 04 PF 6904 की तलाशी लेने पर उसमें तीन भैंस मवेशी मिले।
मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज या अनुमति मांगे जाने पर संबंधित लोग कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद अन्य वाहनों की भी जांच की। घटनास्थल से स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 HD 1564 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LB 1123 भी बरामद की गईं।
छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कमल गिरी गोस्वामी (23), जीमू गोस्वामी उर्फ संजू गोस्वामी (26), कमलेश गिरी गोस्वामी (35), करन गिरी गोस्वामी (19), टोमन यादव (26) और जागेश्वर सिंह (36) को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा दो अपचारी बालकों को भी विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
बरामद तीनों मवेशियों का पशु चिकित्सा अधिकारी से परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की गई।
तीन वाहन और मवेशी जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन भैंस मवेशियों के साथ पिकअप, स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल को जब्त किया है। पुलिस अब मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटा रही है। इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
उतई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 428/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की है। मामले में फरार व्यक्ति की तलाश भी जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मवेशियों के अवैध परिवहन या तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।















