भिलाई में अवैध नशीली कफ सिरप बेचते आरोपी को पुलिस ने पकड़ा, 20 शीशी सिरप जब्त

भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना भिलाई नगर पुलिस ने सिविक सेंटर सेक्टर-06 स्थित जयंती स्टेडियम तालाब के पास एक खंडहर में दबिश देकर नशीली कफ सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 20 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई है, जिसकी कुल मात्रा 2 लीटर और अनुमानित कीमत 23,530 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयंती स्टेडियम तालाब के पास स्थित एक खंडहर में एक व्यक्ति अवैध बिक्री के लिए नशीली कफ सिरप रखे हुए है। सूचना मिलते ही थाना भिलाई नगर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही सागर कंडरा उर्फ मग्गा (26 वर्ष), निवासी गांधी चौक, भिलाई को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से Codeine Phosphate एवं Chlorpheniramine Maleate युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की 20 शीशियां बरामद हुईं। प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी। इस तरह कुल 2000 एमएल यानी 2 लीटर सिरप जब्त की गई, जिसकी कीमत 23,530 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने जब्त कफ सिरप के संबंध में आरोपी के खिलाफ धारा 8 एवं 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर +91 94791 51513 जारी किया गया है। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




















