दुर्ग के इंदिरा मार्केट की दुकान में भीषण आग, अग्निशमन दल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

दुर्ग | इंदिरा मार्केट दुर्ग में सोमवार रात करीब 10 बजे एक दुकान में भीषण आग लग गई। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर समय रहते पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने बहादुरी से आग पर काबू पाया और आसपास की दुकानों को सुरक्षित बचा लिया।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इंदिरा मार्केट स्थित लेदर टच नामक दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम को रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर दल ने तेजी और सूझबूझ से आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।
अग्निशमन दल की तत्परता से आग को नियंत्रित कर लिया गया और उसकी चपेट में आने से अन्य दुकानें बच गईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
अभी तक आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अग्निशमन दल में दल प्रभारी शरत मेश्राम तथा फायरमैन धर्मेंद्र बनजारे, मोहन राव, रूपेन्द्र, डीवहार और खेमराज ने इस ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई।
स्थानीय व्यापारियों ने अग्निशमन टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और प्रशासन से अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ामों की मांग की है।














