रात में दुकान में घुसकर की थी चोरी, लंबे फरार आरोपी को भिलाई पुलिस ने पकड़ा

भिलाई, दुर्ग। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बैटरी दुकान में हुई चोरी के प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के 8 महीने बाद आरोपी सोनू उर्फ घनेन्द साहू (19 वर्ष) को रायपुर के हांडीपारा इलाके से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला 16 अक्टूबर 2024 की रात का है, जब प्रार्थी बी.एन. राजू, निवासी रेलवे कॉलोनी, चरोदा ने अपनी दुकान ‘न्याय बैटरी’ का शटर बंद कर घर लौटे थे। अगली सुबह 17 अक्टूबर को दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ था और चोरी का प्रयास किया गया था। इस पर उन्होंने तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला अपराध क्रमांक 428/2024 धारा 331(4), 305(ए), 62 बीएनएस के तहत पंजीबद्ध किया गया।
इस प्रकरण में पहले ही गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद इबयार के मेमोरण्डम पर फरार आरोपी सोनू उर्फ घनेन्द साहू की पहचान हुई थी, जो तब से लगातार पुलिस को चकमा देकर भागा हुआ था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना पुरानी भिलाई की टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए आरोपी को हांडी पारा, थाना आजाद चौक, रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने साथी मोहम्मद इबयार के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाना और शटर का ताला तोड़ना स्वीकार किया।
आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 10 जुलाई 2025 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, उनि. सुभाष लाल, आरक्षक ईश्वर भारद्वाज, संजय मनहरे, बंटी सिंह, राजकुमार सिंह एवं पी. रवि की विशेष भूमिका रही।














