
रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन्स इलाके में स्थित लगभग 300 करोड़ रुपये की बेशकीमती सरकारी जमीन पर सोमवार को प्रशासन ने कब्जा कर लिया। यह 6 एकड़ जमीन, जिसमें गॉस मेमोरियल खेल मैदान और बाबर बंगला शामिल हैं, 1922 में यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया ट्रस्ट (CNI) को लीज पर दी गई थी।
लीज 2022 में समाप्त हो चुकी थी, लेकिन ट्रस्ट जमीन खाली नहीं कर रहा था और व्यावसायिक उपयोग भी कर रहा था। हिन्दू स्वाभिमान संगठन की याचिका पर राजस्व न्यायालय ने ट्रस्ट को बेदखल करने का आदेश दिया। आदेश मिलते ही जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम सोमवार सुबह 9 बजे मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सरकारी संपत्ति का नोटिस चस्पा कर दिया।
शाम 4 बजे तक कार्रवाई पूरी कर जमीन को सुरक्षित किया गया। अब संगठन ने यहां ऑक्सीजोन, खेल मैदान, ओपन एयर थिएटर जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग की है। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने कब्जे में रह रहे सभी 30 किरायेदारों को हटाने की मांग की है।














