टुण्डरा स्कूल के फर्नीचर को निजी स्कूलों को बेचने का मामला: प्रभारी प्राचार्य पर निलंबन की कार्रवाई के निर्देश

बलौदाबाजार। शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय टुण्डरा के फर्नीचर को निजी स्कूलों को बेचने के मामले को कलेक्टर दीपक सोनी ने गंभीरता से लिया है। जांच में तथ्य पाए जाने पर उन्होंने प्रभारी प्राचार्य रमेश बंजारे के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य पर निलंबन की कार्यवाही हेतु प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2025 को टुण्डरा नगरवासियों द्वारा शिकायत मिली कि प्राचार्य रमेश बंजारे एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की सहमति से स्कूल का फर्नीचर निजी विद्यालयों को बेच दिया गया। शिकायत की जांच के लिए टीम गठित की गई। तहसीलदार टुण्डरा, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कसडोल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कसडोल और संकुल समन्वयक ने शनिवार को स्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की।
इस मामले में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय संपत्ति की अनधिकृत बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।














