भिलाई की युवती महिमा साहू की मां बमलेश्वरी की पदयात्रा के दौरान सड़क हादसे में मौत

भिलाई | भिलाई से मां बमलेश्वरी के दर्शन करने पैदल डोंगरगढ़ जा रही 20 वर्षीय महिमा साहू की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा राजनांदगांव, सोमानी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर सुबह 8:30 बजे के करीब हुआ, जब तेज रफ्तार एक थार गाड़ी (सीजी 04 क्यूसी 8007) ने उन्हें कुचल दिया।
जानकारी के मुताबिक, महिमा गंभीर रूप से घायल हुई और उन्हें सेक्टर 9 अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। घटना की सूचना साथ गए पदयात्रियों ने परिवार को दी।
महिमा मेधावी छात्रा थीं और आठ महीने पहले ही सरकारी नौकरी लगी थी। नौकरी लगने पर उन्होंने मां बमलेश्वरी की पदयात्रा कर दर्शन करने की मन्नत मानी थी। सोमवार रात से ही महिमा घासीदास नगर से पदयात्रा पर निकली थीं, लेकिन दुर्भाग्यवश सोमानी थाना क्षेत्र में यह हादसा हो गया।














