वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा अपराध एवं शिकायतों की व्यापक समीक्षा बैठक

दुर्ग। 16 जनवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध और शिकायत समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित की। बैठक में नए वर्ष में एक्टीव पुलिसिंग, अपराधों की दोषसिद्धि, महिला कमांडो गठन और ई-प्रोसिक्यूशन को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि नए साल में जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी अधिकारियों को नई ऊर्जा और विश्वास के साथ काम करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गंभीर अपराधों में विवेचना और ट्रायल पर विशेष ध्यान दिया जाए और मरणासन्न कथनों की वीडियोग्राफी, आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी एवं आपराधिक इतिहास की जांच सुनिश्चित की जाए।


बैठक में एनडीपीएस, हत्या, धोखाधड़ी और पुराने प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर भी सख्त निर्देश दिए गए। धोखाधड़ी जैसे मामलों में अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने से पहले लोक अभियोजन कार्यालय से स्क्रूटनी अनिवार्य की गई।
ई-पुलिसिंग और तकनीकी सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान
बैठक में प्रत्येक थाना में ई-चालान, ई-एफएसएल और ई-प्रोसिक्यूशन के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चालानों में आरोपी व साक्षियों के व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी अंकित करने की व्यवस्था करने का भी आदेश दिया गया।
एक्टीव पुलिसिंग और कानून व्यवस्था
छोटे अपराधों पर वैधानिक कार्रवाई, संवेदनशील स्थानों पर सायं 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक फिक्स प्वाइंट गश्त और महिला कमांडो के गठन सहित नियमित गश्त की योजना बनाई गई। पुलिस सहायता केंद्रों को दुरुस्त करने और थाना प्रभारियों को नियमित रात्रि भ्रमण के निर्देश भी दिए गए।
साइबर अपराध एवं शिकायत निराकरण
लंबित साइबर फ्रॉड प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। जनता विरुद्ध जनता और जनता विरुद्ध पुलिस शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त लंबित मर्ग प्रकरणों का त्वरित निराकरण, जप्त वाहनों की थानावार सूची, सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत मालवाहक वाहनों में रेडियम पट्टी अनिवार्य, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और हेलमेट नियमों का पालन सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा, एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा, उप पुलिस अधीक्षक रक्षित केंद्र चंद्रप्रकाश तिवारी, भारती मरकाम, आकर्षी कश्यप सहित जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।














