
दुर्ग | ग्राम नंदिनी खुंदनी मंडई मेला में आमजन की सुरक्षा व्यवस्था के दौरान दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मेला परिसर में झूला के पास सुरक्षा ड्यूटी के दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक धारदार चाकू लेकर मेला क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे हैं।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम नीरज साहू, पिता विजय कुमार साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी करंजा, भिलाई कंचादूर एवं तीरथ साहू, पिता चंद्रिका साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी करंजा, भिलाई कंचादूर बताया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमकाकर शांति भंग करने का प्रयास कर रहे थे, जिससे मेला क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।
उक्त कृत्य के संबंध में आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा एवं सार्वजनिक आयोजनों में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।














