पुरानी भिलाई में लाखों की बैंक धोखाधड़ी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : जिला दुर्ग के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे आर्थिक धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में पीड़िता के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न बैंकों से ऋण लेकर रकम आहरित करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, चरोदा निवासी 57 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2006 से 2025 के बीच उसके नाम और संपत्ति का दुरुपयोग कर लाखों रुपये का ऋण लिया गया। आरोप है कि पहले एक परिचित ने मकान निर्माण की जानकारी का फायदा उठाते हुए लगभग 20 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया, जिसकी मासिक किश्त उसके वेतन से कटती रही।
बाद के वर्षों में भी महिला के नाम पर अलग-अलग बैंक शाखाओं से लाखों रुपये का ऋण लिया गया। इसके अतिरिक्त एटीएम, चेकबुक और अन्य बैंक दस्तावेजों का दुरुपयोग कर वर्ष 2021 से 2025 के बीच लगभग 5 लाख रुपये खातों से निकाल लिए गए। जांच में सामने आया कि निकाली गई रकम में से कुछ राशि आरोपी ने अपनी मां और परिचितों के खातों में स्थानांतरित की।
मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 95/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई। साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने 37 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, चेकबुक और लेनदेन से जुड़े अभिलेख जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की आर्थिक धोखाधड़ी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन पर देने की सलाह दी गई है।














