भारत की बेटियों का सुनहरा इतिहास: पहली बार आईसीसी महिला वर्ल्ड कप की विजेता बनी टीम इंडिया

मुंबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 47 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए इतिहास रच दिया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय शेरनियों ने रविवार को डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल में दमदार प्रदर्शन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 7 विकेट पर 298 रन बनाए। ओपनर शेफाली वर्मा ने 87 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि दीप्ति शर्मा (58), स्मृति मंधाना (45) और ऋचा घोष (34) ने भी अहम योगदान दिया। साउथ अफ्रीका के लिए आयाबोंगा खाका ने 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रनों पर सिमट गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने शानदार शतक लगाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। भारत की दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया, वहीं शेफाली वर्मा ने 2 विकेट झटके। शेफाली को प्लेयर ऑफ द फाइनल और दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
25 साल बाद मिला नया विश्वविजेता
1973 में शुरू हुए महिला वनडे विश्व कप में भारत ने पहली बार 1978 में हिस्सा लिया था। 2005 और 2017 में फाइनल तक पहुंचने के बावजूद टीम को खिताब नहीं मिल सका था। लेकिन 2025 में हरमन की टीम ने असंभव को संभव कर दिखाया और ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में साउथ अफ्रीका को मात दी।
नेताओं और दिग्गजों ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारतीय बेटियों ने अपनी मेहनत और जज़्बे से इतिहास रच दिया है। यह जीत आने वाली पीढ़ियों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर कहा, “टीम इंडिया ने पहली बार यह खिताब जीतकर देश को गौरवान्वित किया है।
यह उपलब्धि महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।” छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “यह जीत परिश्रम, आत्मविश्वास और संकल्प की मिसाल है। हमारी बेटियों ने पूरे देश का नाम रोशन किया है।”
खेल जगत में खुशी की लहर
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा, “1983 की जीत ने एक पीढ़ी को प्रेरित किया था, और अब 2025 की यह जीत देश की लाखों बेटियों को क्रिकेट का सपना देखने का हौसला देगी।”
गृहमंत्री अमित शाह ने इस जीत को “देश का गौरव क्षण” बताया और पूरी टीम को सलाम किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, “ऐतिहासिक विजय! विश्वविजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हृदय से बधाई।” विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी कहा, “भारतीय क्रिकेट के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है।”
देशभर में जश्न का माहौल
भारत की इस ऐतिहासिक जीत से पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर WomenInBlue और WorldChampions ट्रेंड कर रहा है। हरमनप्रीत कौर और उनकी पूरी टीम ने यह साबित कर दिया है कि अगर जज़्बा और मेहनत हो तो कोई मंज़िल असंभव नहीं।














