
भिलाई, 23 फरवरी 2026। दुर्ग पुलिस ने नेहरू नगर क्षेत्र में युवक से मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने वाले दो आरोपियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी की रात नेहरू नगर से काम कर सेक्टर-07 स्थित अपने घर लौट रहे प्रार्थी को नेहरू नगर रेलवे फाटक के पास दो परिचित युवकों ने रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। इंकार करने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला कर जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 91/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1), 119(1), 3(5) के तहत मामला कायम किया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी
- जीतू सिंह, निवासी सेक्टर-07 भिलाई नगर
- शुभम, निवासी सेक्टर-07 भिलाई नगर
जप्ती
मामले में एक धारदार हथियार बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को शीघ्र पकड़ लिया गया। कार्रवाई में थाना भिलाई नगर प्रभारी, विवेचना टीम और पेट्रोलिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।














