
दुर्ग। आर्थिक अपराधों के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गोयल ट्रेडर्स, जेवरा सिरसा में 38 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने आरोपी राजेश जायसवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी राजेश जायसवाल गोयल ट्रेडर्स में एरिया सेल्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। आरोपी कंपनी के चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर एवं अन्य पैकेजिंग सामग्री के विक्रय से व्यापारियों से प्राप्त रकम को कंपनी खाते में जमा करने के बजाय अपने निजी उपयोग में खर्च करता था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वर्ष 2020 से 2022 तक लगभग 26 माह की अवधि में आरोपी ने करीब 38 लाख रुपये का गबन किया। आरोपी ने इस रकम का उपयोग निजी मकान निर्माण और अन्य व्यक्तिगत कार्यों में किया।

मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने आरोपी राजेश जायसवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने गबन की राशि को निजी कार्यों में खर्च करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 409 एवं 420 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
घटना का कारण
कंपनी के विक्रय से प्राप्त रकम का निजी उपयोग कर आर्थिक लाभ अर्जित करना।
घटनास्थल
गोयल ट्रेडर्स, जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग
आरोपी
- राजेश जायसवाल
जप्त सामग्री
- प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं लेन-देन संबंधी अभिलेख
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक खगेन्द्र पठारे, प्रधान आरक्षक जगजीत सिंह, आरक्षक हीरालाल देशमुख एवं आरक्षक यशवंत पिस्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं आम नागरिकों से आर्थिक लेन-देन की नियमित निगरानी और सत्यापन करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है, ताकि आर्थिक अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।











