सेक्टर-10 में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

भिलाई। सेक्टर-10 क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए भिलाई नगर पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ लिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-10 क्षेत्र से लगातार छोटी-बड़ी चोरियों की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 282/2026 एवं 288/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंशुल सैनी और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ। वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले अमन साव को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो एसी आउटर यूनिट, माल ढोने में प्रयुक्त मालवाहक वाहन, चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल समेत कुल 4 लाख 14 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है। जांच में सामने आया कि अमन साव चोरी का माल खरीदकर उसे खपाने का काम करता था, जिसके चलते उसके खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने आरोपी अंशुल सैनी (20 वर्ष), निवासी सेक्टर-10 भिलाई तथा अमन साव (22 वर्ष), निवासी गौतम नगर सुपेला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से सेक्टर-10 और आसपास के क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं के खुलासे की संभावना भी जताई जा रही है।











