राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी गणना करने कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन-जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव

दुर्ग। ओबीसी महासभा प्रदेश इकाई छत्तीसगढ़ के आह्वान पर गुरुवार को ओबीसी महासभा दुर्ग के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव के नेतृत्व में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर दुर्ग को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में ‘वन नेशन-वन रिजर्वेशन’ की अवधारणा के तहत देशभर में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग की गई। इसके साथ ही आगामी राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी की अलग से गणना कराने तथा ओबीसी कृषि भूमि संरक्षण अधिनियम बनाए जाने की भी मांग उठाई गई।
जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कहा कि ओबीसी समाज की जनसंख्या, अधिकारों और हितों की सुरक्षा के लिए इन मांगों को शीघ्र लागू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग को संवैधानिक अधिकारों का पूर्ण लाभ दिलाने और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से यह ज्ञापन सौंपा गया है।


ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव के साथ यशवंत साहू, प्रशांत सोनी, धांसू देशमुख, संजय साहू, बसंत साहू सहित ओबीसी महासभा के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।













