अस्पताल में रिश्तेदार को फोन करने के बहाने मोबाइल लेकर 1.48 लाख की ठगी
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, 55,700 रुपये की सामग्री और नकदी बरामद

दुर्ग। शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग में मरीज के परिजन से रिश्तेदार को फोन करने के बहाने मोबाइल लेकर बैंक खाते से 1 लाख 48 हजार 301 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई सामग्री और नकदी समेत कुल 55,700 रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 5 सितंबर 2026 को ग्राम महमरा निवासी कुलेश्वर निषाद ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी के पिता का इलाज शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग में चल रहा था और वह उनकी देखभाल के लिए अस्पताल में मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने रिश्तेदार को फोन करने के बहाने प्रार्थी से मोबाइल मांगा।
सहयोग के उद्देश्य से मोबाइल दिए जाने के बाद आरोपी मोबाइल लेकर वहां से चला गया। इसके बाद मोबाइल का दुरुपयोग करते हुए आरोपी ने बैंक खाते से 1,48,301 रुपये की धोखाधड़ी कर दी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी की। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम कमलजीत बांदे उर्फ कमल (29 वर्ष), निवासी ग्राम तमोरा, थाना रानचिरई, जिला बालोद बताया और अपराध करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही और कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया सोने का मंगलसूत्र, घड़ी, पॉवर बैंक, मोबाइल फोन और 20,200 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 55,700 रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अस्पताल में मरीज के परिजन को विश्वास में लेकर फोन करने के बहाने मोबाइल हासिल किया और उसके माध्यम से बैंक खाते से रकम निकालकर ठगी की। इसके बाद ठगी की रकम से विभिन्न सामान खरीदा गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस अभिलेख के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी दो मामले दर्ज रहे हैं।
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी और ठगी की रकम से संबंधित सामग्री की बरामदगी की।















