
जमीर खान की रिपोर्ट बालोद से :-
बालोद, 22 अक्टूबर 2026। बालोद जिले के ग्राम चिटौद में दशहरा पर्व के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल युवक तोषण निषाद को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है। पुरूर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया और घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को ग्राम चिटौद में रावण दहन कार्यक्रम देखने गए तोषण निषाद और उसके दोस्तों का गांव के एक युवक से विवाद हुआ था। इसके बाद 21 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे एक व्यक्ति कथित तौर पर प्रार्थी के घर में घुसा और छत पर सो रहे तोषण निषाद पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के चेहरे, गले, गर्दन, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के संबंध में गणेश राम निषाद, निवासी ग्राम चिटौद, की रिपोर्ट पर थाना पुरूर में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 एवं 332(ख) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने विवेचना के दौरान घटना में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। वारदात में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद बालक को किशोर न्यायालय बालोद में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेषण गृह दुर्ग भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन, एसडीओपी गुरुर माया शर्मा के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी पुरूर प्रशिक्षु उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिदार के नेतृत्व में की गई।


















