
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में युवक की हत्या के मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात 22 अक्टूबर 2026 को बांबे आवास उरला स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पास हुई, जहां धारदार हथियार से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शिव बहादुर सिंह सोनी उर्फ शिवा (19 वर्ष), निवासी बांबे आवास उरला, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। घटना के दौरान युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कुछ घंटों में आरोपी को पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही थाना मोहन नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी करते हुए वारदात के चंद घंटों के भीतर आरोपी लक्ष्मी नारायण सारथी (20 वर्ष), निवासी हरना बांधा, जिला दुर्ग को पकड़ लिया।
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई करते हुए विवेचना की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


















