भिलाई में सुबह-सुबह चेन स्नेचिंग की दो वारदातें, बुजुर्ग महिलाएं बनीं निशाना

भिलाई : भिलाई के सुपेला और भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह चेन स्नेचिंग की दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई। दोनों ही मामलों में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पहली घटना सुपेला थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी परिसर स्थित भाजपा कार्यालय के समीप हुई। सुबह करीब 6 बजे घर के सामने टहल रही एक बुजुर्ग महिला चेन स्नेचिंग का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्टिवा पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और महिला के गले से चेन छीनकर फरार हो गए। वाहन चला रहा आरोपी हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठा युवक चेहरे पर नकाब लगाए हुए था।


वहीं दूसरी घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 स्थित सड़क नंबर-2 के पास सुबह करीब 6:11 बजे हुई। यहां एक बुजुर्ग महिला घर के बाहर फूल तोड़ रही थी। इसी दौरान साड़ी पहने करीब 45 से 50 वर्ष की एक महिला ने उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया और गले से चेन खींच ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला मोटरसाइकिल पर सवार अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गई।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
लगातार हुई इन वारदातों के बाद इलाके के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुबह के समय गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।













