त्योहारों से पहले सराफा बाजार की सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी, एसएसपी ने व्यापारियों को दिए निर्देश

दुर्ग। आगामी त्योहारों को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने सराफा बाजार में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सराफा बाजार का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सराफा कारोबारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान शनिचरी बाजार क्षेत्र में यातायात सुचारू रखने के लिए वन-वे व्यवस्था का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने और व्हाइट मार्किंग के अनुसार पार्किंग करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों और बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू और दुरुस्त रखने के साथ सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने की भी सलाह दी।
धोखाधड़ी के मामलों पर हुई चर्चा
सराफा व्यवसायियों के साथ हुई बैठक में अन्य राज्यों से आने वाले कुछ व्यक्तियों द्वारा कथित धोखाधड़ी के मामलों पर चर्चा की गई। इस दौरान दुर्ग, पाटन और आसपास के क्षेत्रों में सराफा कारोबारियों के साथ सामने आए मामलों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
50 से अधिक व्यापारी बैठक में हुए शामिल
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम, थाना प्रभारी कोतवाली और सराफा संघ के अध्यक्ष प्रकाश सांखला सहित 50 से अधिक व्यापारी एवं संघ के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई। त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच समन्वय से काम करने पर जोर दिया गया। सराफा संघ के सदस्यों ने पुलिस की इस पहल के लिए आभार जताया।
दुर्ग पुलिस ने की अपील
दुर्ग पुलिस ने सराफा कारोबारियों से अपील की है कि व्यापारिक लेन-देन के दौरान संबंधित व्यक्ति की पहचान और भुगतान की पुष्टि जरूर करें। प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या धोखाधड़ी के प्रयास की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
वहीं, आम नागरिकों और व्यापारियों से व्यस्त बाजार क्षेत्रों में निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, वन-वे व्यवस्था का पालन करने और सड़क पर वाहन खड़े करने से बचने की अपील की गई है। पुलिस ने त्योहारों के दौरान सुरक्षित और व्यवस्थित बाजार बनाए रखने में सभी से सहयोग करने का आग्रह किया है।

















