
दुर्ग। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के 30 अक्टूबर 2026 को दुर्ग शहर में प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है। कार्यक्रम में संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले बसों, चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए मार्ग तय किए गए हैं। साथ ही भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
बसों के लिए पार्किंग व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल होने वाली बसों के लिए लक्ष्मी मार्केट, पुलगांव में गेट नंबर 04 से गेट नंबर 08 तक प्रवेश कर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
धमधा-अहिवारा की ओर से आने वाली बसों का रूट: धमधा नाका, ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, पुलगांव चौक होते हुए लक्ष्मी मार्केट पुलगांव के निर्धारित पार्किंग स्थल तक।
चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए रूट
- पाटन एवं भिलाई से: जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय/प्रताप बिजनेस पार्क, पुलगांव में पार्किंग।
- बालोद एवं अंडा से: अंडा, चंदखुरी, पुलगांव चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय/प्रताप बिजनेस पार्क में पार्किंग।
- धमधा-अहिवारा से आने वाले छोटे वाहन: धमधा नाका, ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, पटेल चौक, गंजपारा तिराहा होते हुए पुलगांव नाला के पहले नवकार परिसर में पार्किंग।
- राजनांदगांव एवं अंजोरा से: अंजोरा बाईपास, अंजोरा, पुलगांव चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय/प्रताप बिजनेस पार्क में पार्किंग।
- रायपुर एवं वैशाली नगर से: कुम्हारी, पावर हाउस, गुरुद्वारा तिराहा, मालवीय नगर चौक, जेल तिराहा, महाराजा चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय/प्रताप बिजनेस पार्क में पार्किंग।
वीवीआईपी पार्किंग एवं मार्ग
समस्त वीवीआईपी वाहनों के लिए महेश कॉलोनी में पार्किंग निर्धारित की गई है। वीवीआईपी रूट कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक रहेगा। इस मार्ग पर भारी वाहन खड़े करने तथा दुकानें और ठेले लगाने पर प्रतिबंध रहेगा।
भारी एवं मध्यम वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
30 अक्टूबर को दिनभर दुर्ग शहर में भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सामान्य दिनों में दोपहर 12 से 2 बजे तक मिलने वाली नो-एंट्री में छूट भी इस दिन लागू नहीं होगी।
गुरुद्वारा तिराहा, उतई तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, अंडा चौक, पुलगांव चौक, अंजोरा बाईपास और नयापारा-महमारा रोड सहित निर्धारित मार्गों पर मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों से निर्धारित रूट प्लान का पालन करने, वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने और सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग से बचने की अपील की है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए वाहन चालकों से दिशा-निर्देशों का पालन करने और सहयोग करने का आग्रह किया है।















