
बालोद से जमीर खान की रिपोर्ट:-
बालोद। 28 अक्टूबर 2026 !छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जमही टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहनों को टोल टैक्स में छूट देने और राष्ट्रीय राजमार्ग-930 की मरम्मत कराने की मांग उठी है। संजारी बालोद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर स्थानीय नागरिकों को राहत देने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवागमन का प्रमुख माध्यम है। बालोद जिले के स्थानीय नागरिकों को रोजमर्रा के कामों के लिए बार-बार जमही टोल प्लाजा से गुजरना पड़ता है, जिससे उन पर लगातार आर्थिक भार पड़ता है।
राकेश यादव ने राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर सड़क के रखरखाव और गड्ढों की समस्या का भी उल्लेख करते हुए मरम्मत कराने की मांग की है। पत्र में रायपुर क्षेत्र के टोल प्लाजा और राजनांदगांव जिले के सोमनी टोल प्लाजा पर स्थानीय निवासियों को मिलने वाली रियायतों का उदाहरण देते हुए बालोद क्षेत्र में भी ऐसी सुविधा लागू करने की मांग की गई है।














