बालोद में जुआ खेलते 5 आरोपी गिरफ्तार, ₹2,050 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त

बालोद, 27 अक्टूबर 2026। बालोद जिले के ग्राम झलमला में नहर नाली के पास जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को थाना बालोद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2,050 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति आम जगह पर ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शत्रुहन ठाकुर (28), युगांत कुमार पटेल (29), तामेश्वर पटेल (40), चितरंजन यादव (29) और लिकेश्वर ठाकुर (30) के रूप में हुई है। इनमें शत्रुहन, चितरंजन और लिकेश्वर ग्राम चरोटा, जबकि युगांत और तामेश्वर ग्राम झलमला के निवासी हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में की गई। बालोद पुलिस ने नागरिकों से जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।














