खेत में काम कर रहे दंपति पर टूटा आसमानी कहर, मौके पर ही दम तोड़ा

कवर्धा। जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में काम कर रहे पति-पत्नी की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान गणेश पटेल (उम्र लगभग 40 वर्ष) और उनकी पत्नी मीरा पटेल (उम्र लगभग 36 वर्ष) के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, दोनों दंपति अपने खेत में रखी प्याज की फसल को बारिश से बचाने के लिए ढंक रहे थे। इसी दौरान तेज गरज‑चमक के साथ आसमान से बिजली गिरी, जो सीधे दोनों पर आकर गिरी।
हादसा इतना भयानक था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की जानकारी मिलते ही पंडरिया पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्ट‑मॉर्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों द्वारा मुआवजे की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने की बात कही जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।गांववाले घटना को लेकर स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।














