आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका पदों की अनंतिम सूची जारी, 9 जून तक दर्ज करें दावा-आपत्ति

दुर्ग। नगर पालिका निगम भिलाई-चरोदा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित एकीकृत बाल विकास परियोजना भिलाई-2 के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों के लिए चयन प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है।
परियोजना के अंतर्गत चयन हेतु 1 संचालित आंगनबाड़ी, 6 नवीन स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्र, तथा 2 नवीन स्वीकृत पालना केंद्र (आंगनबाड़ी सह पालना) में रिक्त पदों के लिए अनंतिम योग्यता सूची जारी कर दी गई है।
यह सूची कार्यालय परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना भिलाई-2 तथा आयुक्त, नगर पालिका निगम भिलाई-चरोदा के सूचना पटल पर अवलोकन हेतु चस्पा की गई है, ताकि सभी अभ्यर्थी इसे देख सकें और आवश्यक होने पर प्रतिक्रिया दे सकें।
परियोजना अधिकारी ने जानकारी दी है कि इस अनंतिम सूची के विरुद्ध दावा या आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 09 जून 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक आवेदक अपने दावे/आपत्तियां कार्यालयीन समय में व्यक्तिगत रूप से कार्यालय परियोजना अधिकारी, भिलाई-2, जिला दुर्ग में प्रस्तुत कर सकते हैं।














