तोमर बंधु फरार, सूचना दो-इनाम पाओ! रायपुर पुलिस का बड़ा ऐलान

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध की दुनिया से जुड़े कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र और रोहित तोमर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अब इनाम का दांव खेला है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने फरार आरोपियों की सूचना देने वाले को 5,000 का नगद इनाम देने की घोषणा की है।
तोमर बंधुओं के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में IPC की धारा 308(2), 111(1) और छत्तीसगढ़ ऋणियों संरक्षण अधिनियम की धारा 04 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। दोनों आरोपी 5 जून 2025 से फरार चल रहे हैं और पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की है, जो लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गौरतलब है कि वीरेंद्र तोमर की पत्नी सुभ्रा तोमर पहले से ही जेल में बंद है और उस पर भी संगठित अपराध की धाराओं में एफआईआर दर्ज है।
तोमर ब्रदर्स के खिलाफ कर्जखोरी, धमकी, ब्लैकमेलिंग जैसे कई संगीन अपराधों में विभिन्न थानों में केस दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।














