ऑपरेशन सुरक्षा के तहत शंकरा विद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

दुर्ग। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शंकरा विद्यालय, हुडको में ऑपरेशन सुरक्षा के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में Rotary Club of Bhilai Pinnacle का सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) दुर्ग सुश्री ऋचा मिश्रा शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की विस्तृत जानकारी दी गई। एएसपी ऋचा मिश्रा ने अपने संबोधन में हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, तेज गति और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों, ट्रिपल सीटिंग की मनाही और अन्य यातायात नियमों की महत्ता पर विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक का मूल कर्तव्य है, जो व्यक्तिगत ही नहीं बल्कि सामूहिक सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
उन्होंने यह भी बताया कि ऑपरेशन सुरक्षा के अंतर्गत दुर्ग यातायात पुलिस लगातार जन-जागरूकता, शिक्षा और प्रवर्तन संबंधी गतिविधियाँ संचालित कर रही है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन और Rotary Club of Bhilai Pinnacle के पदाधिकारियों ने यातायात पुलिस की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी सहयोग का आश्वासन दिया।
यातायात पुलिस दुर्ग की अपील
नागरिकों, विशेषकर अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की जाती है कि सड़क पर चलते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग करें और जिम्मेदार यातायात नागरिक बनकर ऑपरेशन सुरक्षा को सफल बनाने में सहयोग करें।














