
दुर्ग। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जप्त कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 को प्रार्थी सलमान उद्दीन, निवासी कृष्णा नगर फरीद मोहल्ला राय किराना दुकान के पास, सुपेला ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि शाम लगभग 5:30 बजे वह राजा सोनी के घर के पास निर्माणाधीन मकान के पास खड़ा था। इसी दौरान हड्डी गोदाम क्षेत्र का रहने वाला आरिफ कुरैशी वहां पहुंचा और पुरानी बातों को लेकर विवाद करने लगा। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से सलमान उद्दीन के दाहिने गाल और बाएं सीने की ओर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान मौजूद राज सोनी और शंभू तांडी ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 255/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 118(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी करते हुए घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार भी जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ कुरैशी (27 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर निजामी चौक, हड्डी गोदाम के पास, सुपेला जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल खुरसे और आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











