धमधा में युवक की मौत से सनसनी, फांसी के फंदे पर मिला शव, कई सवाल बरकरार

धमधा। धमधा क्षेत्र में एक महीने के भीतर फांसी से जुड़ी चौथी घटना सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बिरजापुर निवासी सुरेश साहू (उम्र लगभग 21-22 वर्ष), पिता शिव कुमार साहू का शव धमधा में एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सुरेश साहू रविवार सुबह पुणे जाने के लिए घर से निकला था। हालांकि, उसका सफर बीच में ही रहस्यमय परिस्थितियों में समाप्त हो गया। युवक का शव धमधा क्षेत्र में पेड़ से लटका मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों और नगर से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे लंबे समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी और चर्चा का माहौल बना रहा।

घटना को और भी रहस्यमय बनाने वाली बात यह है कि शव के ठीक नीचे एक बैग रखा हुआ मिला। युवक के पुणे जाने के लिए घर से निकलने और कुछ ही समय बाद धमधा में मृत अवस्था में मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में लेकर पड़ताल कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने के भीतर धमधा क्षेत्र में फांसी से जुड़ी यह चौथी घटना है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है और लोग इन घटनाओं के पीछे की वजह जानने की मांग कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।











