ग्राम सिरसीदा में आशा महिला ग्राम संगठन का सीडबॉल अभियान, हरियाली बढ़ाने की पहल

सिरसीदा। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम सिरसीदा में आशा महिला ग्राम संगठन द्वारा सीडबॉल (Seed Ball) निर्माण एवं रोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत गांव की गलियों, मोहल्लों और खाली मैदानों में सीडबॉल तैयार कर गड्ढे खोदकर उन्हें मिट्टी में दबाया गया, ताकि बरसात के मौसम में इनसे पौधे विकसित होकर क्षेत्र को हराभरा बना सकें।
देशभर में चल रहे इस पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और अधिक से अधिक पौधे तैयार करने का संकल्प लिया। अभियान का उद्देश्य खाली पड़ी जमीनों को हरियाली से आच्छादित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।


सोमवार, 13 जुलाई 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सिरसीदा की सरपंच सरस्वती चंद्राकर, उपसरपंच दामिनी चंद्राकर, सचिव मोतीलाल साहू सहित ग्राम पंचायत के सभी पंच उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में आशा महिला ग्राम संगठन की महिलाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई और पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि बरसात के दौरान ये सीडबॉल अंकुरित होकर गांव की हरियाली बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।












