
दुर्ग/08 अगस्त। नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आज महापौर अलका बाघमार एवं सभापति श्याम शर्मा ने सात वार्डों में विभिन्न विकास कार्यों का एक साथ भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
वार्ड क्रमांक 05, 06, 07 एवं 32 में चंडी मंदिर से महावीर स्कूल मोड़ तक तथा महावीर स्कूल मोड़ से गुजराती धर्मशाला तक पाइप लाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया गया।
पाइप लाइन विस्तार से क्षेत्र के नागरिकों को पेयजल व्यवस्था में सुविधा मिलेगी तथा आने वाले समय में पानी से संबंधित समस्याओं के निराकरण में मदद मिलेगी।

नाली-पुलिया और सीसी रोड निर्माण से मजबूत होगा वार्डों का बुनियादी ढांचा
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 10 के विजय नगर चौक से शंकर नाला, लक्ष्मी आटा चक्की के पास नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य, सी.सी. रोड निर्माण कार्य तथा शंकर नगर स्थित सुभाष स्कूल के पास सी.सी. रोड निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
वहीं वार्ड क्रमांक 37 गंजमंडी के आसपास के क्षेत्र में पाइप लाइन विस्तार कार्य का भी शुभारंभ किया गया। निगम द्वारा कराए जा रहे इन विकास कार्यों से संबंधित वार्डों में सड़क, नाली, पुलिया एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
-पाइप लाइन विस्तार से पेयजल व्यवस्था होगी बेहतर: महापौर
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करना निगम की प्राथमिकता है। पाइप लाइन विस्तार कार्यों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर एवं सुचारू पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पुलिया एवं पेयजल से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जा रहा है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा निर्माण कार्यों के दौरान नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
भूमिपूजन के दौरान वार्ड के पार्षदों एवं नागरिकों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की स्वीकृति एवं भूमिपूजन के लिए महापौर अलका बाघमार का आभार व्यक्त किया।नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से अपेक्षित इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
इस अवसर पर पार्षद एवं एमआईसी सदस्य शेखर चन्द्राकर, लीना दिनेश देवांगन, शिव नायक, शशि साहू, हर्षिका संभव जैन, पार्षद जितेंद्र महोविया, जितेंद्र ताम्रकर ( जीतू )विद्यावती सिंह, रंजीता पाटिल, ललिता ठाकुर, गुलशन साहू, मनीष कोठारी, रामचंद्र सेन, लोकेश्वरी ठाकुर, युवराज कुंजाम सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सहायक अभियंता संजय ठाकुर, उपअभियंता विनोद मांझी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।













