
दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किए गए स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा स्थित औद्योगिक संस्थान में खपाने के मामले में पुलिस ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला थाना पुरानी भिलाई के अपराध क्रमांक 277/2026 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को अकलोरडीही खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स से बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप बरामद किया गया था। मामले की जांच के दौरान अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।
विवेचना में गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस को भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किए गए स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा में खपाए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग (60) और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह (39) को 18 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, विनोद कुमार गर्ग रायपुर के भाठागांव स्थित वालफोर्ट सिटी के निवासी हैं, जबकि संदीप कुमार सिंह दुर्ग के स्मृति नगर क्षेत्र के निवासी हैं।
दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और स्क्रैप चोरी तथा उसकी खपत से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद अपराध क्रमांक 277/2026 में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।















