5 महीने की गर्भवती प्रेमिका को जबरन अबॉर्शन की गोली खिलाई, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में मौत, आरोपी प्रेमी फरार

सरगुजा। सरगुजा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पांच महीने की गर्भवती युवती को उसके प्रेमी ने जबरन गर्भपात की गोली खिलाई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
मृतिका की पहचान प्रिया पावले (22 वर्ष) निवासी मायापुर के रूप में हुई है। प्रिया का पिछले पांच वर्षों से मोहल्ले के ही गोलू विश्वकर्मा से प्रेम संबंध था। जानकारी के अनुसार, 11 मई को प्रिया अपने प्रेमी गोलू विश्वकर्मा, उसकी मामा मनोज विश्वकर्मा और अपनी छोटी बहन के साथ अस्पताल गई थी। वहीं, गोलू ने उसे अबॉर्शन की दवा खिलाई। इसके बाद युवती की हालत बिगड़ गई और उसे तेज पेट दर्द होने लगा।
गोलू विश्वकर्मा और उसके मामा ने आनन-फानन में प्रिया को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख दोनों अस्पताल से फरार हो गए। अस्पताल में जब डॉक्टरों ने पूछताछ की तो पता चला कि युवती ने अबॉर्शन की गोली खाई थी। डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन रविवार शाम को प्रिया की मौत हो गई।
प्रिया की मां मीना पावले ने आरोप लगाया है कि युवक शादी से इनकार कर रहा था और बच्चा भी नहीं रखना चाहता था। जबरन मारपीट कर उसकी बेटी को अबॉर्शन की गोली खिलाई गई, जिससे उसकी जान चली गई। प्रिया के पिता दिनेश पावले की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपनी मां और बहन के साथ रहती थी। परिवार को प्रिया के अफेयर के बारे में जानकारी थी और वह अक्सर गोलू के साथ फोटो अपने मोबाइल स्टेटस पर भी डालती थी।
सरगुजा एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने बताया कि मृतिका की मां का बयान दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।














