झमाझम बारिश से भीगी राजधानी, ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी; तापमान में गिरावट से गर्मी से राहत

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत बस्तर, नारायणपुर, कोरबा और कई जिलों में शुक्रवार सुबह से हो रही झमाझम बारिश और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। अचानक बदले मौसम से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। आसमान में घने बादलों की मौजूदगी और लगातार बारिश ने वातावरण को ठंडा और सुहावना बना दिया।
बीते 24 घंटे में प्रदेशभर में तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। रायपुर में जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा, वहीं पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने रायपुर, बस्तर, दुर्ग, कोरबा, कांकेर, बिलासपुर, नारायणपुर और जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली, गरज-चमक, तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा) और भारी बारिश की चेतावनी दी है।
रायपुर में सुबह से जारी बारिश ने दिनचर्या को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे घर से निकलते समय छतरी या रेनकोट साथ रखें।
हालांकि मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी दोबारा लौट सकती है।














