मां बम्लेश्वरी मंदिर के कारीडोर की झलक वायरल, विधायक रिकेश सेन ने निभाया नवरात्रि का संकल्प

भिलाई नगर। वैशाली नगर क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित मां जगदम्बा (बम्लेश्वरी) मंदिर को लेकर एक बड़ी सौगात सामने आई है। चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि को, जब क्षेत्रीय विधायक रिकेश सेन ने इस मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता रानी को सोने का टीका अर्पित किया था, उसी समय उन्होंने इस पवित्र स्थल पर भव्य कारीडोर निर्माण का संकल्प लिया था। अब वह संकल्प धरातल पर उतर चुका है।
विधायक रिकेश सेन ने इस भव्य कारीडोर की पहली झलक अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। वीडियो में माता के मंदिर की साज-सज्जा और कारीडोर की भव्यता देखकर भक्तों के चेहरे पर उत्साह और श्रद्धा की झलक साफ दिखाई दी। कई भक्त इसे विधायक की अद्भुत और ऐतिहासिक पहल मान रहे हैं।
आस्था की अंतरराष्ट्रीय पहचान
सेक्टर-6 के पोस्ट ऑफिस कॉलोनी में स्थित मां जगदम्बा मंदिर में स्थापित डोंगरगढ़ वाली माता बम्लेश्वरी की प्रतिमा केवल भिलाई या दुर्ग क्षेत्र के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि देश और विदेश में बसे श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का केंद्र है। अमेरिका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से भी भक्त यहां ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करवाने आते रहे हैं। यह मंदिर नवरात्र और अन्य पर्वों के दौरान भक्तों से गुलजार रहता है।
सेक्टर-9 से प्रेरणा, सेक्टर-6 को नई पहचान
इसके पहले विधायक रिकेश सेन ने सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण का सौंदर्यीकरण कर वहां की छवि को पूरी तरह बदल दिया था। उसी प्रेरणा से उन्होंने सेक्टर-6 के इस मंदिर को भी नया स्वरूप देने का संकल्प लिया, जो अब मूर्त रूप ले रहा है।
भक्तों में खुशी का माहौल
भव्य कारीडोर की झलक मिलने के बाद क्षेत्रवासियों और भक्तों में खुशी और श्रद्धा का माहौल है। लोगों का मानना है कि मंदिर में यह विकास कार्य आने वाले समय में भक्तों की सुविधा और आध्यात्मिक अनुभव को और अधिक समृद्ध करेगा।














