
पाटन। थाना पाटन पुलिस ने दुकान में घुसकर मारपीट करने वाले आरोपी सूर्यकुमार भारती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने नशे की हालत में दुकान के अंदर घुसकर गाली-गलौच व मारपीट की घटना को अंजाम दिया था।
मामला 30 जुलाई 2025 का है, जब प्रार्थी चंद्रशेखर देवांगन ने थाना पाटन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह हेमंत कपड़ा बाजार, भारत चौक, कॉलेज पाटन में काम करता है। उसी दिन आरोपी सूर्यकुमार भारती नशे की हालत में दुकान के अंदर जबरन घुस आया और अकारण ही मां-बहन की अश्लील गालियाँ देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी ने प्रार्थी के साथ हाथ मुक्कों से मारपीट की।
घटना के दौरान दुकान संचालक और सहकर्मी योगेंद्र सिंह ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उन्हें भी गाली-गलौच व धमकियाँ दी गईं।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पाटन में अपराध क्रमांक 167/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 333 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी सूर्यकुमार भारती (उम्र 18 वर्ष), निवासी ग्राम कसीडीह, हाल इंदिरा नगर, पाटन को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में सउनि लेखराम हरिवंश, प्रधान आरक्षक लोकेश लहरी, एवं आरक्षक तारकेश्वर विश्वकर्मा की सराहनीय भूमिका रही।














