CG : बिजली बिल हाफ योजना में बदलाव पर कांग्रेस का विरोध, पुतला जलाकर जताया रोष

दुर्ग | राज्य सरकार की बिजली बिल हाफ योजना में किए गए संशोधन के विरोध में दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पटेल चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन कर बदलावों को जनविरोधी करार दिया।
प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर और पूर्व विधायक अरुण वोरा के नेतृत्व में बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने अधिकारियों को लालटेन सौंपकर अपना विरोध जताया और सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार सौर ऊर्जा के नाम पर अडानी ग्रुप को फायदा पहुंचा रही है और आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। वहीं, बिजली विभाग के सहायक अभियंता आलोक साहू ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने योजना में हुए संशोधनों के विरोध में ज्ञापन सौंपा है, जिसे उच्च स्तर पर भेजा जाएगा।
इस प्रदर्शन के बाद साफ है कि बिजली बिल हाफ योजना में हुए बदलाव को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस सरकार पर गरीब विरोधी नीतियों का आरोप लगा रही है, जबकि विभाग का कहना है कि सभी मांगों को आगे बढ़ाया जाएगा। अब नजर राज्य सरकार के रुख पर है कि वह इस विरोध के बाद क्या फैसला लेती है।














