शराबखोरी के लिए 200 रुपये मांगने पर युवक से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिला दुर्ग के अंजोरा चौकी क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगने से इंकार करने पर एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
क्या है मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम महमरा बस्ती निवासी मंसा राम निषाद (36) अपने दोस्तों देवेंद्र निषाद और सूरज निषाद के साथ शिवनाथ नदी एनीकेट के पास मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान गांव का ही निवासी आरोपी हेमंत निषाद वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए 200 रुपये मांगने लगा।
जब प्रार्थी ने पैसे देने से इंकार किया तो आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में मंसा राम के पैर की उंगली, दाहिने हाथ, कंधे और गले में चोटें आईं, साथ ही सीने और पीठ में भी आंतरिक चोटें आईं।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी अंजोरा ने अपराध क्रमांक 341/2025 धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी हेमंत निषाद को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को 21 अगस्त को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल दुर्ग में न्यायिक रिमांड पर दाखिल कराया।
टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में सउनि संतोष साहू चौकी प्रभारी अंजोरा, प्र.आर. 389 राकेश सिंह, प्र.आर. 1556 सुरेश रात्रे, आरक्षक 181 बृजमोहन सिंह और 515 टोमन देशमुख की अहम भूमिका रही।













