मौसम का मिजाज बदलेगा: कल से भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का रुख बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने 30 सितंबर से राज्य में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं सोमवार को पांच जिलों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार बालोद, रायगढ़, गरियाबंद, बस्तर और जांजगीर-चांपा जिलों में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में रविवार रात से रुक-रुककर बूंदाबांदी जारी है।
इस मानसून सीजन (1 जून–28 सितंबर) तक छत्तीसगढ़ में 1135 मिमी औसत के मुकाबले 1183.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 3% अधिक है। बलरामपुर में सामान्य से 52% ज्यादा 1517 मिमी वर्षा हुई है, जबकि बेमेतरा में 50% कम 519 मिमी बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव वाला क्षेत्र और दक्षिण ओडिशा के आसपास सक्रिय प्रणाली अगले 24 घंटे में कमजोर होकर कम दबाव में बदल सकती है। इसके असर से 30 सितंबर के बाद छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।














