
भिलाई | भिलाई नगर के सुपेला अंडर ब्रिज के पास एक बोरे में बंद लगभग 30 से 35 वर्ष आयु की अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृत महिला के शरीर पर कई पहचान चिन्ह (गोदना व आभूषण) पाए गए हैं, जिनके आधार पर पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मृतका के बाएं हाथ पर “महादेव त्रिशूल” लिखा हुआ गोदना है, जिसके साथ 7 नग स्टार बने हुए हैं। इसी बाएं हाथ पर महादेव के नीचे “लखन, सुरेश, B M, आरती” नामों का गोदना भी बना हुआ है।
इसके अलावा बाएं हाथ की तर्जनी अंगुली के पीछे “A” अक्षर का गोदना है। मृतका की बायीं कलाई में काला धागा बंधा हुआ है। आभूषणों की बात करें तो बायीं कलाई में सफेद-आसमानी रंग की 3 चूड़ियां और दायीं कलाई में 1 सफेद-आसमानी चूड़ी पहनी हुई है। दोनों पैरों के अंगूठों में लोहे की रिंग तथा दाएं कान में टॉप्स पाए गए हैं।
मृत महिला ने फिरोजा रंग का पेटीकोट पहना हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उक्त अज्ञात महिला के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी हो, तो तत्काल नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर – 8878505555 या थाना प्रभारी सुपेला – 7988522909 पर संपर्क कर सूचना दें। पुलिस को महिला की पहचान में सहयोग करने की अपील की गई है।














