
रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई और रायपुर से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें नाबालिग लड़की की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची गई। रायपुर पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है।
कैसे सामने आया मामला
22 नवंबर 2025 को रायपुर के अमलीडीह स्थित सोलस हाइट्स कॉलोनी के पीछे एक खाली प्लॉट में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध हालत में मिला। सूचना मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट मौके पर पहुंची। शव की स्थिति को देखते हुए शुरू से ही हत्या की आशंका जताई गई।
जांच में पता चला कि मृतका तेलीबांधा के काशीराम नगर की रहने वाली थी और पार्टियों में कैटरिंग का काम करती थी। वह दो दिन पहले घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी शव मिलने की सूचना मिली।
पोस्टमॉर्टम से हुआ खुलासा
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि नाबालिग की मौत गला दबाने से हुई है। इसके बाद न्यू राजेंद्र नगर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की गई।

जांच की कड़ी और आरोपियों की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान सामने आया कि लड़की को आखिरी बार तेलीबांधा के देवार बस्ती निवासी हरीश पटेल (23) और राहुल पटेल के साथ देखा गया था। दोनों के साथ लड़की के संबंध होने की बात भी सामने आई।
वारदात के बाद से दोनों युवक फरार थे और लगातार लोकेशन बदल रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी हरीश पटेल को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी हरीश ने बताया कि मृतका उसकी गर्लफ्रेंड थी। 19 नवंबर को वह उसे मिलने दुर्ग बुलाया था। वहां दो कमरे बुक किए गए, जहां वह अपने दोस्त राहुल के साथ रुका।
20 नवंबर को दोनों ने नाबालिग पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब लड़की ने साफ इनकार किया तो विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर गमछे से उसका गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी गई।
सुसाइड दिखाने की साजिश
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की साजिश रची। शव को मोटरसाइकिल से दुर्ग से रायपुर लाया गया और न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र के एक खाली प्लॉट में फेंक दिया गया। इसके बाद लड़की के मोबाइल फोन से उसकी सहेली को आत्महत्या जैसे मैसेज भेजे गए, ताकि मामला सुसाइड लगे।
शातिर चोर निकला आरोपी
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी हरीश पटेल पेशेवर चोर है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रायपुर के अलग-अलग इलाकों में 11 सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना, 3 किलो चांदी के जेवर, 20 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।














