डिप्टी कलेक्टर करुण डहरिया निलंबित, हत्या मामले में गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने कसा शिकंजा

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी के डिप्टी कलेक्टर और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई ग्राम हंसपुर में हुई हत्या के मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, थाना कोदोंथा में दर्ज मामले (अपराध क्रमांक 03/2026) के तहत 16 फरवरी 2026 को कृष्ण उडेरिया को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जिला जेल रामानुजगंज में भेजा गया।
मामला उस समय प्रकाश में आया जब बॉक्साइट के अवैध परिवहन की जांच के दौरान तीन व्यक्तियों के साथ मारपीट हुई, जिसमें 62 वर्षीय राम (रामनरेश) की मौत हो गई। घटना की जानकारी कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज ने शासन को रिपोर्ट के माध्यम से दी।
छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1966 के तहत डिप्टी कलेक्टर करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय आयुक्त, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर में निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
प्रशासन ने मामले की गहन जांच की बात कही है और भविष्य में किसी भी अनियमितता पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।















