
महासमुंद: पावन श्रावण मास के अवसर पर महासमुंद के विशाल मेगा मार्ट परिसर में आयोजित एक माह लंबे महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और हवन-पूजन में हिस्सा लिया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने भगवान शिव से छत्तीसगढ़ में निरंतर विकास और जनकल्याण की प्रार्थना की।
श्रावण मास में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।
कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं उनके परिवारजन, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व सांसद चुन्नी लाल साहू, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।















